
कोडरमा, 18 जनवरी । कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत करियांवां गांव में बीती रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। चोरों के अपनाए गए तरीके से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले गांव में जाने वाले 440 वोल्ट के बिजली तार को शॉर्ट सर्किट कर दिया, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोरों ने तीन अलग-अलग घरों में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जिन घरों में चोरी हुई है, उनमें छोटू मियां, इलियास मियां और कल्लू मियां का घर शामिल है। छोटू मियां की पत्नी ने बताया कि उनके पति गोवा में काम करते हैं और वह अपनी पुत्री के साथ घर पर अकेली थीं। दोनों घर के दूसरे तल्ले पर सो रही थीं। रात करीब एक बजे किसी सामान के टूटने की आवाज सुनकर जब वह नीचे उतरीं, तो देखा कि एक कमरे का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला पड़ा है। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे।
वहीं कल्लू मियां ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे गेहूं की फसल में पटवन करने खेत गए हुए थे और उनका पूरा परिवार घर में सो रहा था। रात करीब 12 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इसी दौरान चोरों ने उस कमरे का ताला तोड़ दिया, जिसमें नकदी और जेवरात रखे थे। चोर बक्सों और अलमारियों में रखे सामान को इत्मीनान से निकालकर फरार हो गए। उनके घर से कपड़ों से भरे दो बक्से, नए बर्तन और लगभग 10 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
इसके अलावा इलियास मियां के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने उनकी बहू के कमरे से करीब एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की सूचना जयनगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। घटना के बाद करियांवां गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।








