अयोध्या, 18 जुलाई। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी और गबन मामले के आरोपित राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू और मनीष यादव को शनिवार को 39 घंटे की रिमांड पर पुलिस ने लिया है। दोनों आरोपितों को सुबह जिला जेल से निकालकर पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया और पुलिस लाइन लेकर पहुंची। यहां पुलिस चढ़ावा की रकम और साजिश पर गहन पूछताछ कर रही है।
मंदिर में चढ़ावा की गबन की गई रकम की बरामदगी, इस मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम के पीछे किसी साजिश के पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ, पुलिस और जांच एजेंसी ने करना शुरू कर दिया है।
इस प्रकरण की जांच कर रहे विवेचक क्षेत्राधिकारी (अयोध्या) आशुतोष तिवारी ने बताया कि चढ़ावा अनियमितता के मामले में दो आरोपितों को रिमांड पर लिया गया है। जेल से पुलिस हिरासत में लेने के तुरंत बाद आरोपितों को चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजने से पहले भी जांच होगी।
उल्लेखनीय है कि मामले के विवेचक आशुतोष तिवारी ने विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन की अदालत में दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ के लिए शुक्रवार को सात दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी। अदालत ने शनिवार सुबह 8 बजे से 19 जुलाई की रात 11 बजे तक, कुल 39 घंटे की पुलिस रिमांड अनुमति प्रदान की है।
