नई दिल्ली, 11 अक्टूबर । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने रविवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने एक्स पर लिखा, “माँ दुर्गा का आशीर्वाद हम सभी को शक्ति, साहस और उत्तम बुद्धि प्रदान करे। माँ जगदम्बा की कृपा से हम एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण का अपना संकल्प अवश्य पूरा करेंगे।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि माँ जगदम्बा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो, तथा राष्ट्रीय एकता और प्रगति का संकल्प और सुदृढ़ हो।
ओम बिरला ने कहा कि पर्वतों के राजा हिमालय की पुत्री, मां शैलपुत्री धैर्य, अटूट संकल्प, पवित्रता और अडिग विश्वास की प्रतीक हैं। उनकी दिव्य पूजा संयम, साहस, कर्तव्य-निष्ठा और आंतरिक शक्ति के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। माँ भगवती की असीम कृपा हर हृदय को करुणा से, हर परिवार को सुख-समृद्धि से और समाज को प्रेम, एकता और सद्भाव से भर दे। माँ शैलपुत्री के आशीर्वाद से देश शांति, न्याय, सदाचार और मानवीय मूल्यों के पथ पर निरंतर आगे बढ़े और यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता एवं आशा का संचार करे, साथ ही एक सशक्त, सौहार्दपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण के देश के संकल्प को और मजबूत बनाए।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मां का यह दिव्य स्वरूप प्रकृति के प्रति श्रद्धा, जीवन में दृढ़ता और हर परिस्थिति में अडिग रहने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। आद्य शक्ति माँ शैलपुत्री सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें। मनचाहा वरदान देने वाली, जिनके मस्तक पर अर्धचंद्र सुशोभित है। जो वृषभ पर सवार हैं और त्रिशूल धारण करती हैं, ऐसी महिमामयी माँ शैलपुत्री को प्रणाम।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि माँ जगदम्बा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो तथा राष्ट्रीय एकता एवं प्रगति का संकल्प और सुदृढ़ हो।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज नवरात्रि के पहले दिन माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप ‘माँ शैलपुत्री’ की पूजा की जाती है। माँ शैलपुत्री को कोटि-कोटि नमन। देवी माँ सभी को संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करें।
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने कहा कि यह त्योहार सभी के जीवन में शांति, आनंद और समृद्धि प्रदान करे।
