गुवाहाटी, 02 अगस्त । राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रजत पदक जीतने वाली असम की स्टार मुक्केबाज लवलीना बरगोहाईं ने ग्लासगो के एक होटल में भारत के मानचित्र को गलत तरीके से प्रदर्शित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे भारतीय दल के सम्मान में मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी नामक रेस्तरां में विजय उत्सव के अवसर पर रात्रिभोज का आयोजन किया गया था। इस दौरान होटल में इस्तेमाल किए जा रहे नैपकिन पर छपे भारत के मानचित्र में पूर्वोत्तर क्षेत्र को नहीं दर्शाया गया था।
लवलीना ने तत्काल इस गंभीर त्रुटि की ओर होटल प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया और स्पष्ट किया कि भारत के मानचित्र का इस प्रकार गलत चित्रण स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने होटल प्रबंधन से भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का भी आग्रह किया।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है और कई लोगों ने लवलीना की सतर्कता तथा देश की भौगोलिक अखंडता के प्रति उनकी सजगता की सराहना की।
