मुकाम में सफाई अभियान

बीकानेर/नोखा, 25 सितंबर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयकर कार्यालय नोखा ने गुरुवार को मुकाम मुक्ति धाम मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम एक दिन, एक घंटा, एक साथ की थीम पर आयोजित हुआ।

आयकर विभाग, नोखा की इस पहल का नेतृत्व अपर आयकर आयुक्त, रेंज-1 बीकानेर श्री ललित बिश्नोई ने किया। इस अवसर पर आयकर अधिकारी ललित छाबड़ा, आयकर निरीक्षक हनुमान प्रिय जैन और सुरेश बिश्नोई सक्रिय रूप से मौजूद रहे। व्यवसायी शिव करण डेलू और सीए कैलाश डेलू ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।

स्वच्छता अभियान के दौरान मंदिर परिसर और आसपास फैले कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया। आयकर विभाग से नवरतन तिवाड़ी, नारायण बच्छ और मदन परिहार सहित कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। मंदिर कार्यालय सहायक हनुमान बिलोईया और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में भाग लिया।

आयकर विभाग का यह प्रयास केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वच्छ और प्रेरणादायक वातावरण का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के उपरांत आयकर कार्यालय नोखा में पौधारोपण भी किया गया।