कूचबिहार, 02 अगस्त । सब्जियों और किराना सामान की बढ़ती कीमतों से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए रविवार सुबह जिले के भवानीगंज बाजार में पुलिस और प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी विक्रम प्रसाद और कोतवाली थाना प्रभारी सुकुमार घोष ने किया।
अधिकारियों ने बाजार का निरीक्षण कर दुकानदारों और ग्राहकों से बातचीत की। जांच के दौरान यह शिकायत सामने आई कि कई दुकानों में सब्जियों और दालों की कीमत निर्धारित सीमा से अधिक वसूली जा रही है। इस पर प्रशासन ने व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी कि कीमतों में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण थोक बाजार में कीमतें बढ़ गई है, जिसका असर खुदरा बाजार पर भी पड़ रहा है।
सब्जियों की महंगाई से जूझ रहे आम लोगों ने प्रशासन से इस तरह की नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
