विधायक सरयू राय ने लगाया पीपल का पौधा
पूर्वी सिंहभूम, 16 जुलाई । भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा के पावन अवसर पर जमशेदपुर के केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में गुरुवार को नवग्रह वाटिका की आधारशिला रखी गई। मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने देवगुरु बृहस्पति से जुड़े पीपल के पौधे का रोपण कर वाटिका निर्माण का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सरयू राय ने बताया कि मंदिर परिसर में नवग्रह वाटिका विकसित की जाएगी, जिसमें नौ ग्रहों के अनुरूप अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर संबंधित ग्रह से जुड़े धार्मिक महत्व वाले पौधे लगाए जाएंगे तथा प्रत्येक चबूतरे पर संबंधित ग्रह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर नवग्रहों की पूजा-अर्चना करने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अन्य ग्रहों से संबंधित पौधों का रोपण उनके निर्धारित वार के अनुसार किया जाएगा। नवग्रह वाटिका का निर्माण आगामी शारदीय नवरात्र तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सरयू राय ने बताया कि 15 जुलाई को महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांतानंद सरस्वती जी महाराज मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने नवग्रह वाटिका के लिए स्थल का चयन कर शंखनाद और नारियल फोड़कर विधिवत भूमि पूजन कराया। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित सभी देवी-देवताओं के विग्रहों का विशेष पूजन भी किया गया। समस्त धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के मुख्य पुजारी विनोद पांडेय के सान्निध्य में संपन्न हुए।
आज के कार्यक्रम में जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, नीरज सिंह, साकेत गौतम, असीम पाठक, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
