
कोलकाता, 31 जनवरी ।
माघ माह समाप्त होने से पहले ही कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में ठंड का असर लगभग समाप्त होता नजर आ रहा है। एक सप्ताह पहले तक महसूस हो रही कड़ाके की ठंड अब शहर से गायब हो चुकी है। सुबह और शाम के सीमित समय को छोड़ दें तो दिन में ठंड का अहसास नहीं हो रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। इसके पीछे उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों को प्रमुख कारण बताया गया है।
शुक्रवार की तुलना में शनिवार को कोलकाता के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर 16.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह गिरावट अस्थायी है और फरवरी की शुरुआत से तापमान फिर से बढ़ने लगेगा।
दक्षिण बंगाल के बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना जिलों में हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। कोलकाता में भी सुबह के समय हल्की धुंध देखी जा सकती है। तटीय जिलों में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में यह 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
उधर, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार सहित कई जिलों में आगामी दिनों में घनी धुंध छाने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दार्जिलिंग के पहाड़ी इलाकों में तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
अलीपुरद्वार और कूचबिहार सहित अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तथा मैदानी क्षेत्रों में 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।






