शव मिला

गिरिडीह, 17 सितंबर।  गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गास्थान रानी तालाब से मंगलवार सुबह एक मछुआरे का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान परसाटांड निवासी बेंगा मल्लाह के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तालाब किनारे जुट गए। मौके पर पहुंची पचंबा थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

परिजनों के अनुसार बेंगा मल्लाह पिछले 20 वर्षों से इसी तालाब से मछली मारकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 4 बजे वह हमेशा की तरह मछली पकड़ने निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। परिजन पूरी रात उसकी खोजबीन करते रहे और थाने में सूचना देने की तैयारी कर ही रहे थे कि मंगलवार सुबह तालाब में शव मिलने की खबर आई।

मृतक की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।