गिरिडीह, 13 जुलाई । सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डीएस) डॉ. बी.एन. झा का शव सोमवार सुबह पुलिस ने गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक सार्वजनिक कुएं से बरामद किया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। शहर के जाने-माने चिकित्सकों में शुमार डॉ. झा के निधन की खबर से चिकित्सा जगत और स्थानीय लोगों में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. बी. एन. झा सोमवार की सुबह रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक में निकले थे और कुछ देर बाद शव लखारी स्थित एक सार्वजनिक कुएं से बरामद किया गया। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता हैं कि डॉ झा की मौत कुएं में गिरने से हुई होगी।
पुलिस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
