सिलीगुड़ी, 08 फरवरी।
नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी की साजिश को नाकाम करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान संजय साहनी के रूप में हुई है, जो पानीटंकी इलाके का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर रात नक्सलबाड़ी राज्य सड़क पर मादक पदार्थ की डिलीवरी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस इलाके में गश्त लगा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में घूमते देख पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने उसे रोका और तलाशी लेने पर उसके पास से 100 ग्राम ब्राउन शुगर और 15 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपित लंबे समय से मादक पदार्थ के कारोबार से जुड़ा हुआ है। इससे पहले आरोपित की पत्नी को भी मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
