सिलीगुड़ी, 16 फरवरी। नौकरी की मांग और बेरोज़गारी भत्ते के विरोध को लेकर भाजपा की तरफ से सोमवार को सिलीगुड़ी नगर निगम अभियान किया गया।
जिसमें दार्जिलिंग जिला भाजपा सांसद राजू बिष्ट के साथ सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, नगर निगम के पार्षद और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी कार्यालय से निकली भाजपा की रैली सिलीगुड़ी नगर निगम पहुंची तो पहले से तैनात पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई। जिससे नगर निगम इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।
दार्जिलिंग जिला भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार वास्तविक रोजगार के अवसर पैदा करने के बजाय बेरोज़गारी भत्ता देकर युवाओं को गुमराह कर रही है। उनका कहना है कि उद्योग विकास और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है। स्थायी रोजगार सृजन और नियुक्तियों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दिनभर गहमागहमी के बाद अंततः स्थिति सामान्य हो गई है, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
