onkar

जलपाईगुड़ी, 17 सितंबर। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में तेंदुए के हमले में एक किशोर की मौत हो गई है। घटना मंगलवार रात जिले के नागराकाटा ब्लॉक के दक्षिण खेरकाटा इलाके में घटी है। मृतक किशोर का नाम अस्मित राय (12) है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, अस्मित घर के पिछवाड़े में खेल रहा था। तभी तेंदुआ अस्मित को घसीटकर जंगल में ले गया। घरवाले अस्मित को बचाने के लिए उसके पीछे दौर पड़े। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में जंगल से अस्मित को बरामद कर शुल्कापाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल परिसर में तनाव फैल गया। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया कि आदमखोर तेंदुए के हमले कब रुकेंगे। सूचना पर नागराकाटा थाने की पुलिस, खुनिया रेंज के रेंजर सजल कुमार राय और डायना रेंज के वनकर्मी अस्पताल पहुंचे। स्थानीय लोगों के आक्रोश के बीच घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इससे पहले भी तेंदुआ दक्षिण खेरकाटा इलाके से एक किशोर को घसीटकर ले गया था। जिसके बाद उसकी भी मौत हो गई थी। उस घटना के बाद से लगातार तेंदुए के हमले हो रहे हैं। इससे वनकर्मियों और प्रशासनिक हलकों में काफी चिंता है।