पलामू, 05 सितंबर । मेदिनीनगर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय पांडेय द्वारा शनिवार को किए गए औचक निरीक्षण में पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत 14 डॉक्टर और कर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। गृह रक्षक पूनम कुमारी भी गैरहाजिर थीं, जबकि उनकी अगले दिन तक की अग्रिम हाजिरी बनाए जाने की बात सामने आई।
डॉ. रामाश्रय रजिस्टर में हस्ताक्षर के बावजूद ड्यूटी से गायब मिले। उनके निजी क्लीनिक संचालित करने की जानकारी भी सामने आई। अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर नहीं मिला, जबकि वैक्सीन स्टॉक पंजी भी अद्यतन नहीं थी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की टेबल पर निजी पैथोलॉजी लैब का कार्ड भी मिला।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी और ड्रेसिंग रूम में गंदगी मिली। बायो-मेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन की भी व्यवस्था नहीं थी। अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं मिला।
मामले में जिला प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की संभावना है।
