उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता की मौत

पूर्वी सिंहभूम, 23 अप्रैल । शहर के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित डिमना रोड पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता की जान  ले ली ।  माउंट व्यू स्कूल के पास सुबह करीब सात बजे हुई इस दुर्घटना में सुभाष कॉलोनी निवासी शशि भूषण (३८), जो उच्चतम न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे, गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शशि भूषण अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी के साथ सड़क किनारे खड़े थे, तभी अचानक तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित हो गई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उन्हें लगभग 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

घटना के बाद चालक कार लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने चालक की पिटाई भी कर दी। मौके पर मची अफरातफरी का फायदा उठाकर चालक वहां से फरार हो गया।की घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शशि भूषण को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

मृतक के बड़े भाई शशि शेखर ने बताया कि शशि भूषण गुरुवार सुबह ही दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वे किसी आवश्यक कार्य से यह कहकर निकले थे कि जल्द लौट आएंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनके असामयिक निधन से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं जानने वालों में शोक की लहर है। बताया जाता है कि वे अपने पेशे में काफी सक्रिय और सामाजिक रूप से भी जुड़े हुए व्यक्ति थे।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपित को गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि इस मामले में लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।