शव पेड़ से लटका मिला

जमशेदपुर, 25 जून । पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। कथित तौर पर प्रेमिका से विवाद के बाद एक युवक ने वीडियो कॉल के दौरान फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिरसानगर रोड नंबर-3 निवासी 33 वर्षीय सावन कर्मकार के रूप में हुई है। सावन का बिरसानगर रोड नंबर-4 निवासी एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। दोनों पहले से विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि सावन महिला से विवाह करना चाहता था, जबकि महिला अपने परिवार को छोड़कर शादी करने के पक्ष में नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहा था।

बताया जाता है कि बुधवार देर रात दोनों के बीच एक बार फिर विवाह को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद सावन ने महिला को वीडियो कॉल किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बातचीत के दौरान वह काफी भावुक और आक्रोशित था। इसी दौरान उसने कथित रूप से वीडियो कॉल पर ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

घटना से घबराई महिला तत्काल सावन के घर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा। उसे तत्काल इलाज के लिए मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं तथा संबंधित महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सके।

सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेमिका से विवाद और वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। संबंधित महिला से पूछताछ की जा रही है तथा मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और वीडियो कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही है।