मरीजों को मिला विशेषज्ञ उपचार
कोलकाता, 18 जुलाई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता द्वारा जनसेवा की भावना के तहत नि:शुल्क हर्निया एवं हाइड्रोसील कैंप के अंतर्गत 16 जुलाई को ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जरूरतमंद मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा नि:शुल्क ऑपरेशन कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजेश बरसिया एवं डॉ. अभिषेक भारतीय ने हर्निया एवं हाइड्रोसील के सफल ऑपरेशन किए। दोनों चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक शल्य चिकित्सा करते हुए उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया।
यह शिविर हरियाणा सेवा सदन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने लाभ उठाया। आयोजन के दौरान मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद अध्यक्ष गोविंद राम अग्रवाल, मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका, संयुक्त अर्थमंत्री अशोक पुरोहित तथा संदीप बजाज उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए चिकित्सकों एवं सहयोगी टीम का उत्साहवर्धन किया।
शिविर के सफल संचालन में सोसायटी के रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. हरिप्रसाद डोकानियां का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकीय समन्वय तथा ऑपरेशन पूर्व एवं पश्चात की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी समय-समय पर समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए ऐसे नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करती रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न रोगों के उपचार एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर किए जाएंगे। शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का आभार भी व्यक्त किया गया।
