जलपाईगुड़ी, 11 सितंबर । जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के प्रधानाध्यापक के साथ कथित मारपीट के मामले में स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कड़ा कदम उठाने का निर्देश दिया है। मंत्री ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआई) को शनिवार तक घटना में शामिल छात्रों की पहचान कर उन्हें ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने का निर्देश दिया है।
घटना शिक्षक दिवस पर स्कूल में विशेष भोजन को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई थी। आरोप है कि इसी मुद्दे पर प्रधानाध्यापक और छात्रों के बीच बहस के बाद स्थिति बिगड़ गई और मारपीट शुरू हो गई। घटना में कुछ छात्रों के घायल होने का भी आरोप है। वहीं, छात्रों के एक समूह की कथित पिटाई में प्रधानाध्यापक के सिर पर चोट लगी थी।
मामले की जानकारी लेने के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन शुक्रवार को जलपाईगुड़ी जिला स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति के साथ बैठक की। इसके बाद मंत्री ने सातवीं कक्षा में जाकर छात्रों को पढ़ाया और कक्षा से बाहर निकलने के बाद घटना में कथित रूप से शामिल छात्रों के अभिभावकों से भी बातचीत की।
मंत्री ने जिले के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और स्कूल निरीक्षकों के साथ भी बैठक की। इसी बैठक में घटना में शामिल छात्रों की पहचान कर उन्हें टीसी देने का निर्देश दिया गया।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपित छात्रों के भविष्य को देखते हुए उन्हें दूसरे स्कूल में दाखिला लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन को आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
