खूंटी, 22 जनवरी । चर्चित पहड़ा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। मृतक सोमा मुंडा की पत्नी अमृता तिर्की ने झारखंड सरकार से इस हत्याकांड की जांच स्वतंत्र जांच एजेंसी सीबीआई से कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय, रांची को लिखित आवेदन सौंपा है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उनके पति पहड़ा राजा सोमा मुंडा की हत्या 7 जनवरी 2026 को खूंटी जिले के जामुआडागा क्षेत्र में अपराधियों ने कर दी थी। इस हत्याकांड में अब तक जिला पुलिस प्रशासन मुख्य साजिशकर्ता और अपराधियों की गिरफ्तारी में विफल साबित हो रहा है, जिससे पीड़ित परिवार सहित समस्त आदिवासी मूलवासी समाज और राज्य की सामाजिक-राजनीतिक संगठनों में भारी आक्रोश है।
अमृता तिर्की ने अपने आवेदन में कहा है कि पुलिस की धीमी कार्यवाही के कारण लोगों का भरोसा टूट रहा है और न्याय मिलने को लेकर संशय बना हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनता के विश्वास की बहाली और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए इस हत्याकांड की जांच सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।
आवेदन की प्रतिलिपि गृह सचिव झारखंड सरकार, पुलिस महानिदेशक रांची, उपायुक्त खूंटी, पुलिस अधीक्षक खूंटी सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
