राज्य मंत्री गौरव गौतम ने किया सम्मानित
चंडीगढ़, 15 जुलाई । हरियाणा के युवा एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बुधवार को पंचकूला स्थित हरियाणा कौशल रोजगार निगम ( एचकेआरएन) के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा की 5 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को राष्ट्रीय स्तर की ग्रेडिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया।
इस दौरान राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेशवासियों और युवाओं को ‘विश्व युवा कौशल दिवस’ की बधाई व शुभकामनाएं दी और कहा कि ‘पीएम सेतु योजना’ के अंतर्गत विभाग का लक्ष्य प्रदेश के 20 हजार युवाओं को देश की अग्रणी व प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियों के साथ जोडऩा है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की तात्कालिक मांग के अनुसार, आधुनिक विधाओं में निपुण किया जाएगा, जिससे वे सीधे रोजगार प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर देश में हरियाणा का नाम रोशन करने वाली 5 राजकीय आईटीआई संस्थानों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से सराहा और बधाई दी। गर्वंमेंट आईटीआई बोडिय़ा खेड़ा (फतेहाबाद)-राष्ट्रीय स्तर पर 5वां स्थान, गर्वंमेंट आईटीआई बरवाला (हिसार)-राष्ट्रीय स्तर पर छठा स्थान, गर्वंमेंट आईटीआई कैथल राष्ट्रीय स्तर पर सातवां स्थान, गर्वंमेंट आईटीआई पिहोवा – राष्ट्रीय स्तर पर आठवां स्थान, राजकीय महिला आईटीआई सिरसा राष्ट्रीय स्तर पर नौवां स्थान हासिल किया है।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने विभाग की महत्वाकांक्षी व मार्गदर्शक “युवा संवाद” पत्रिका का भी अनावरण किया। इसके साथ ही, प्रशिक्षण और प्रशासनिक स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से उन्होंने पारदर्शी प्रक्रिया से चयनित 60 नवनियुक्त प्रिंसिपलों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
गौरव गौतम ने कहा कि वर्तमान युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से लेकर आधुनिक तकनीकी अनुप्रयोगों तक और उन्नत तकनीक से लेकर पारंपरिक सिविल इंजीनियरिंग तक, हर क्षेत्र पूरी तरह हुनर (स्कील) पर आधारित हो गया है।
