छह हाइवा जब्त

खूंटी, 12 नवंबर ।  खूंटी जिले के जरियागढ़ क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ जरियागढ़ थाना की पुलिस ने बुधवार को तड़के बक्सपुर के पास से अवैध बालू लदे छह हाइवा वाहनों को जब्त किया है।

जिन वाहनों को जब्त किया गया है।  जब्त वाहनों को थाना परिसर में रखा गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, जरियागढ़ इलाका लंबे समय से अवैध बालू खनन और परिवहन का केंद्र बना हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार इस धंधे का विरोध किया है, लेकिन कुछ ग्रामीणों की संलिप्तता भी इस अवैध कारोबार में बताई जाती है। मंगलवार देर रात कुछ ग्रामीणों ने अवैध बालू लदे वाहनों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद वन विभाग और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई अन्य हाइवा चालक बालू लदी या खाली गाड़ियों के साथ भागने में सफल रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई सराहनीय है, लेकिन जरियागढ़ क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार अब भी पूरी तरह थमा नहीं है। ग्रामीणों ने ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से जारी रखने की मांग की है ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।