कूचबिहार, 28 जुलाई । जिले के सिताई विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता राय को अनुसूचित जाति (एससी) का कथित फर्जी प्रमाणपत्र इस्तेमाल कर आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने के आरोप में ब्लॉक प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। उपमंडलाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश पर बीडीओ कार्यालय ने विधायक को एससी प्रमाणपत्र के सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने को कहा है।

प्रशासन के अनुसार, मंगलवार को ही सत्यापन के लिए उपस्थित होने की तिथि निर्धारित की गई थी। हालांकि, विधायक के घर पर उनके नहीं मिलने के कारण नोटिस को आवास की दीवार पर चस्पा कर दिया गया।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा-जीसीपीए समर्थित प्रत्याशी आशुतोष बर्मन ने संगीता राय पर फर्जी एससी प्रमाणपत्र के आधार पर आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने का आरोप लगाया था। चुनाव के बाद उन्होंने इस संबंध में उपमंडलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया। इसके बाद प्रशासन ने विधायक को प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए बीडीओ कार्यालय में उपस्थित होने का नोटिस जारी किया।

आशुतोष बर्मन ने कहा हम चुनाव के समय से ही यह आरोप उठा रहे हैं कि फर्जी एससी प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर चुनाव लड़ा गया। चूंकि यह आरक्षित सीट है, इसलिए यदि प्रमाणपत्र फर्जी साबित होता है तो उन्हें चुनाव लड़ने का अधिकार ही नहीं था। राजबंशी समाज ने भी इसे स्वीकार नहीं किया है। यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे।

विधायक बनने के बाद संगीता राय ने ममता बनर्जी का साथ छोड़कर ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट का समर्थन किया था। उन्होंने ऋतब्रत गुट की बैठक में भी भाग लिया था।