पलामू, 05 मार्च। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के निराला टोला में सिगरेट नहीं देने पर एक किराना जनरल स्टोर दुकान फूंक दी गई। दुकान के आइटम और शादी के लिए खरीद कर रखा गया सामान जलकर राख हो गया।
घटना बुधवार देर रात की है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाया। इस संबंध में पुलिस को आवेदन देकर दुकान में आग लगा देने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार आग राजेश कुमार गुप्ता की दुकान सह मकान में लगी। राजेश ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात चार लड़के सिगरेट लेने के लिए दुकान में पहुंचे थे। शटर जोर-जोर से पीट रहे थे। बाहर निकले तो बगल के टोले के रितिक सिंह छोटू सिंह एवं अन्य ने सिगरेट मांगते हुए गाली गलौज की और मारपीट करने के लिए कॉलर पकड़ लिया। उन्हें यह बताया कि सिगरेट खत्म हो गई है।
इस पर चारों युवक गुस्से में वहां से निकले और देख लेने की धमकी दी । इसके कुछ देर बाद दुकान में आग लग गई। तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और सभी की मदद से आग पर काबू पाया।
राजेश ने बताया कि 11 मार्च को उसके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी होने वाली है। डेढ़ लाख का सामान खरीद कर रखा था , 80 हजार नगद भी रखे हुए थे। आग में सब जल गए। इसके अलावा दुकान में रखें सामान सहित करीब 10 लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हुई है। उसकी कमर टूट गई है। राजेश ने चारों युवकों पर आग लगा देने का आरोप लगाया है।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है ताकि ऐसी घटना किसी के साथ ना हो सके।
