onkar logo1

कोलकाता, 22 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का इस महीने पश्चिम बंगाल का क्रमिक दौरा पूरी तरह से पार्टी की आंतरिक संगठनात्मक बैठकों पर केंद्रित रहेगा। दोनों नेताओं के दौरों के दौरान राज्य में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति और मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल भाजपा की राज्य समिति के एक सदस्य के अनुसार, “इस महीने दोनों नेताओं के दौरे में कोई भी सार्वजनिक रैली या रोड शो नहीं होगा। खासकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पूरी तरह बंद कमरे में होने वाली संगठनात्मक बैठकों पर ध्यान देंगे। इन बैठकों में चुनावी रणनीति और राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।”

जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन 27 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचेंगे। पहले दिन वह राज्य भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बंद कमरे में बैठक करेंगे। अगले दिन उनका कार्यक्रम पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान में प्रस्तावित है, हालांकि वहां के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं की गई है। उसी शाम नबीन दिल्ली लौट जाएंगे।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 जनवरी को एक दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आएंगे। नितिन की तरह उनका भी पूरा कार्यक्रम संगठनात्मक बैठकों तक सीमित रहेगा और वह किसी भी सार्वजनिक सभा, रैली या रोड शो में शामिल नहीं होंगे।

राज्य समिति के सदस्य ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखें फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में घोषित होने की संभावना है। इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री दोनों ही आंतरिक बैठकों के माध्यम से चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर जोर दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अमित शाह ने पिछले महीने भी पश्चिम बंगाल का दौरा किया था, उस दौरान भी उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखी थी और उनका एकमात्र सार्वजनिक कार्यक्रम प्रेस वार्ता तक सीमित रहा था।