खड़गपुर, 14 फ़रवरी। इलाज के दौरान सही डॉक्टर, उनके चेंबर का समय या आपात स्थिति में रक्त और ऑक्सीजन की उपलब्धता की जानकारी न मिल पाने से लोगों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार समय पर समुचित सूचना न मिलने के कारण स्थिति गंभीर भी हो जाती है। इसी समस्या के समाधान के उद्देश्य से खड़गपुर के एक युवा आईटी पेशेवर ने अभिनव पहल की है।
खड़गपुर निवासी सौरभ भुइयां ने ‘सेवालिंक’ नामक एक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया है। यह ऐप फिलहाल खड़गपुर और मेदिनीपुर क्षेत्र के डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराता है। इसके माध्यम से यह जाना जा सकता है कि कौन-से डॉक्टर किस अस्पताल या चेंबर में किस दिन और किस समय मरीज देखते हैं।
इसके साथ ही ऐप में स्थानीय अस्पतालों की जानकारी, ब्लड बैंक और ऑक्सीजन उपलब्धता से संबंधित विवरण भी जोड़े गए हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।
शुक्रवार शाम खड़गपुर के रूपनारायणपुर क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में इस ऐप का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में पिंगला के विधायक व जिला परिषद के सह-सभाधिपति अजित माइती समेत जिले के कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
करीब एक वर्ष के अथक परिश्रम के बाद तैयार किए गए इस ऐप के बारे में सौरभ ने बताया कि वर्तमान में इसमें खड़गपुर और मेदिनीपुर की जानकारी उपलब्ध है। भविष्य में इसका विस्तार कर झाड़ग्राम और पूर्व मेदिनीपुर जिलों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘सेवालिंक’ ऐप गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।
विधायक अजीत माइती ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बदलते समय के अनुरूप यह एक अत्यंत उपयोगी और जनहितकारी प्रयास है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
