आसनसोल, 20 सितंबर ।
पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव में शनिवार सुबह तालाब से एक लापता व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मधु हेमब्रम के रूप में हुई है, जो बेनाली के तुइला पाड़ा के रहने वाले थे।
परिवार के अनुसार, 18 सितंबर की सुबह मधु हेमब्रम पास के तालाब से कमल का फूल तोड़ने गया था।
काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह बेनाली गांव के कोलियरी इलाके के पास स्थित घासुरिया तालाब की ओर कुछ स्थानीय लोग काम से गए थे। इसी दौरान उन्होंने तालाब के पानी में एक शव को तैरते देखा। नजदीक जाकर पहचान करने पर शव मधु हेमराम का होने की पुष्टि हुई। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग तालाब के किनारे जमा हो गए।
घटना की सूचना श्रीपुर फांड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पद्म फूल तोड़ने के दौरान पैर फिसलने से वह तालाब में डूब गए होंगे। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। किसी आपराधिक घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है। पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
