पूर्वी सिंहभूम, 25 अगस्त । जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में मंगलवार सुबह एक युवक चंदनगिरी का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छायानगर में चंदनगिरी का ससुराल है।
प्रारंभिक जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि चंदन की हत्या तार या किसी अन्य वस्तु से गला घोंट कर की गई। पुलिस को आशंका है कि की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद उसके शव को छायानगर में लाकर फेंका गया है।
थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि मृतक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है।मामले की जांच के लिए पुलिस चंदन के संपर्कों, उसकी गतिविधियों और पुराने विवादों की जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किस स्थान से और किस वाहन से यहां लाया गया था।
मृतक की पत्नी इशिका कौर ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम वह और चंदन अपने भाई से जुड़े एक मामले के सिलसिले में सीतारामडेरा थाना गए थे। वहां से दोनों शीतला मंदिर पहुंचे। इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे चंदन उसे मायके छोड़कर घर जाने की बात कहकर वहां से निकल गया था। इसके बाद वह कहां गया और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं थी।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे चंदन का शव पड़े होने की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि चंदन गत दिसंबर में जेल से बाहर आया था और वर्तमान में काम कर रहा था। उसकी शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी।
