खूंटी, 26 मई । खूंटी के प्रतिष्ठित समाजसेवी, जैन समाज के अध्यक्ष, राजस्थान भवन के पूर्व अध्यक्ष तथा मारवाड़ी सहायक समिति (रांची) के पूर्व सदस्य शेखर चंद जैन का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जैन समाज सहित खूंटी के व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
शेखर चंद जैन खूंटी में एक सम्मानित, सरल और लोकप्रिय समाजसेवी के रूप में पहचाने जाते थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, धार्मिक कार्यों और जनकल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। जैन समाज में उनकी भूमिका एक मजबूत और मार्गदर्शक व्यक्तित्व के रूप में मानी जाती थी। वे हमेशा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हर समय तत्पर रहते थे।
हाल ही में 10 मई 2026 को उन्होंने अपनी 70वीं वर्षगांठ परिवार, मित्रों और समाज के लोगों के साथ हर्षोल्लास के बीच मनाई थी। ऐसे में उनके अचानक निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। उनके करीबियों और शुभचिंतकों का कहना है कि वे पूरी तरह सक्रिय और सामाजिक कार्यों में निरंतर जुटे हुए थे।
उनके निधन पर जैन समाज, राजस्थान भवन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। समाज के लोगों ने कहा कि शेखर चंद जैन एक कुशल मार्गदर्शक, मिलनसार व्यक्तित्व और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले कर्मठ इंसान थे। उन्होंने समाज को जोड़ने और लोगों के बीच सहयोग की भावना मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा कि उनका निधन केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि पूरे खूंटी जिले के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य और मानवीय सहयोग लंबे समय तक लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
विभिन्न संगठनों और समाज के लोगों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
