गोली मारकर हत्या

पलामू, 27 जुलाई । पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के बाईपास रोड स्थित जेएमपी परिसर में रविवार रात बड़ी वारदात हुई। परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड विनोद पांडे (50) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सिर में लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे स्कूटी से एक युवक परिसर में पहुंचा और बाद में अपने दो अन्य साथियों को बुलाया। दोनों युवक कार से पहुंचे। तीनों पूरे परिसर में घूमते रहे, फिर गार्ड विनोद को उठाकर गेट के पास ले गए और करीब से गोली मार दी। वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि 15 जुलाई की रात जन्मदिन पार्टी के दौरान परिसर के मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के साथ बर्थडे मनाने आए लोगों की झड़प हुई थी। पार्टी के दौरान तेज साउंड में गाना बजाया जा रहा था और कुछ लड़कियों को नचवाया जा रहा था। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी पलामू कोर्ट में सोमवार को इसकी सुनवाई थी।

प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद की रंजिश में इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना में शामिल अपराधी पॉलीटिकल बैकग्राउंड के बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपिताें की पहचान और तलाश में छापेमारी जारी है। जिस भवन में वारदात हुई उसके सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हुई है।

फिलहाल हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में लाया गया है। गार्ड विनोद पांडे नावा बाजार थाना क्षेत्र के रजहरा निवासी जंगी पांडेय के पुत्र थे। घटना के बाद से परिजनों का रो -राे कर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

जिले के एसपी कपिल चौधरी ने सोमवार काे घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आराेपिताें काे गिरफ्तार कर लिया जायेगा।