बडगाम, 04 सितंबर । कश्मीर के बडगाम जिले के ऊपरी इलाकों में शुक्रवार को तलाशी अभियान फिर से शुरू किया गया है। सुरक्षाबलों ने पीर पंजाल पर्वतमाला के दुर्गम इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगभग 15,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित एक वन क्षेत्र में चलाया जा रहा है, जो बडगाम-पूंछ सीमा के करीब है। ऊबड़-खाबड़ इलाके के कारण तलाशी अभियान विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण है। यह क्षेत्र पीर पंजाल पर्वतमाला के अंतर्गत आता है, जो कश्मीर घाटी को पूंछ-राजौरी क्षेत्र से जोड़ता है।
संयुक्त सुरक्षाबलों ने गुरुवार शाम को आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान (सीएएसओ) शुरू किया, जिसके बाद गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। बाद में यह अभियान रात में रोक दिया गया था और शुक्रवार सुबह फिर से शुरू किया गया। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध क्षेत्र के चारों ओर कड़ी घेराबंदी कर तलाशी जारी रखी है। उन्होंने बताया कि अभियान में सहायता के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को भी क्षेत्र में भेजा गया है।
