maha

सिलीगुड़ी, 14 सितंबर । शहर संलग्न फूलबाड़ी महानंदा बैराज में रविवार को डूबे दो छात्रों की तलाश सोमवार सुबह से तेज कर दी गई है। अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमें जुटी हुई है। स्पीडबोट और गोताखोरों की मदद से महानंदा नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नदी के विभिन्न हिस्सों में पैदल भी तलाश की जा रही है। हालांकि, अब तक दोनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को तीन दोस्त फूलबाड़ी महानंदा बैराज में नहाने के लिए नदी में उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्हें नदी में जाने से मना किया गया था, लेकिन वे नहीं माने। इसी दौरान नदी के गहरे हिस्से में एक छात्र बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दो छात्र भी मुश्किल में पड़ गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दिव्यांश शाहा नामक एक छात्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि उसके दो दोस्त नदी में डूबकर लापता हो गए।

दिव्यांश के अनुसार, लापता छात्रों की पहचान प्रागज्योति दास और मोहम्मद सफायेल हुसैन नौसाद के रूप में हुई है। प्रागज्योति मालदा का रहने वाला है, जबकि नौसाद बांग्लादेश का निवासी बताया गया है। तीनों छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ते हैं और जोटियाकाली के पास स्थित नारायणा स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते है।

फिलहाल एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस और गोताखोरों की टीमें नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। परिवार और स्थानीय लोग दोनों छात्रों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।