onkar logo1

प्रकृति की ओर लौटने का आह्वान

कोलकाता, 18 दिसंबर । आधुनिक जीवनशैली की भागदौड़, बढ़ते तनाव और जीवनशैली-जनित रोगों के बीच स्वास्थ्य, संतुलन और आनंद की पुनः खोज के उद्देश्य से समर्पण ट्रस्ट की ओर से 19–20 दिसंबर को दो दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सीय विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर मनुष्य को उसकी मूल प्रकृति से जोड़ते हुए दवा-रहित और प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य का मार्ग प्रशस्त करने की पहल है।

समर्पण ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रदीप ढेडिया सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों ने शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का मार्गदर्शन डॉ. लक्ष्मण पल्ले, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, कोनिजेटी रोशैया गवर्नमेंट नेचर क्योर हॉस्पिटल, हैदराबाद एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा किया जाएगा।

शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा आधारित स्वास्थ्य परीक्षण, जीवनशैली परामर्श तथा शरीर–मन–आत्मा के संतुलन को पुनः स्थापित करने की वैज्ञानिक और सहज विधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

ट्रस्ट के कार्यकारी सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजक मनीष बजाज ने कहा कि समर्पण ट्रस्ट का यह प्रयास केवल रोग निवारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वस्थ, संतुलित और प्रकृति-सम्मत जीवनशैली को पहुंचाने का एक सार्थक संकल्प है। यह स्वास्थ्य को एक नई दृष्टि से समझने और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अभिषेक डोकानिया, सोमनाथ अड़ूकिया, अभ्युदय दूगड़, पवन खेतान, पंकज भालोटिया, गणेश अग्रवाल, मनीष बजाज, संजय जैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।