खूंटी, 24 अक्टूबर । फरवरी माह से लंबित दैनिक भत्ते के भुगतान की मांग को लेकर तोरपा प्रखंड की सहिया दीदियों ने शनिवार को तपकारा स्थित विधायक के आवासीय कार्यालय पहुंचकर उनसे मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। सहिया दीदियों ने बताया कि फरवरी से दैनिक भत्ते का भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सहिया दीदियों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक सुदीप गुड़िया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने लंबित दैनिक भत्ते के भुगतान से जुड़ी समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि सहिया दीदियां ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गांव-गांव में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उनके कार्यों के अनुरूप मिलने वाले भत्ते का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सहिया दीदियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने के दौरान अनावश्यक आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को लंबित भुगतान के मामले में आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। विधायक ने सहिया दीदियों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए पहल जारी रहेगी।
