गिरिडीह, 26 अप्रेल । जिले में अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने लूट और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े तीन मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि भारी मात्रा में गांजा और नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
रविवार को नगर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव ने बताया कि विशेष टीम गठित कर गिरिडीह से देवघर तक लगातार छापेमारी की गई। इस दौरान बस स्टैंड लूटकांड के आरोपी अफरोज शेख (20 वर्ष, न्यू चुड़ी मुहल्ला) को देवघर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूटा गया आईफोन 16 प्रो, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा दिलीप कुमार लकड़ा से हुई लूट के मामले में पुलिस ने छीना गया बैग, कपड़े, आधार व वोटर कार्ड तथा 8,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इसी क्रम में 25 अप्रैल को न्यू चुड़ी मुहल्ला स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान 1575 ग्राम गांजा, 34 पुड़िया में 125 ग्राम गांजा, 50 नशीली गोलियां (नाइट्रोसन-10) और 3,000 रुपये नकद जब्त किए गए। इस मामले के मुख्य आरोपी रवानी कुरैशी और अकबर कुरैशी उर्फ डब्लू फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अपराध और नशे के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी अफरोज शेख पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पुअनि अमित कुमार, पुअनि गोविंद कुमार साव, सअनि राजीव कुमार सिंह, रोशनी कुमारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
