रांची, 23 मई । रिम्स की अधिग्रहीत जमीन से जुड़े घोटाले के आरोपित प्रमोद कुमार महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर एसीबी की विशेष कोर्ट में शनिवार काे सुनवाई हुई। इस मामले में एसीबी ने केस डायरी पेश किया और जवाब भी दायर किया। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने एसीबी से केस डायरी और जवाब मांगा था।
उल्लेखनीय है कि मामले में सात अप्रैल को एसीबी ने चार आरोपित राजकिशोर बड़ाईक, कार्तिक बड़ाईक, राजेश झा और चेतन कुमार को गिरफ्तार किया था।
आरोपितों ने मिलीभगत कर रिम्स की अधिग्रहीत जमीन को निजी संपत्ति दिखाने के लिए फर्जी वंशावली तैयार की थी। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद एसीबी ने इस फर्जीवाड़ा मामले में 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी।
दरअसल, यह मामला 1964-65 में रिम्स की अधिग्रहीत करीब 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। जिसपर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट, दुकान और मकान बना लिया गया था। बाद में उच्च न्यायालय के आदेश के बाद इन अवैध कंस्ट्रक्शन को हटा दिया गया था।
