shub

कोलकाता, 27 जुलाई । मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि अन्नपूर्णा योजना के तहत पात्र महिलाओं के दस्तावेजों का सत्यापन तेजी से चल रहा है और 30 अगस्त तक सभी योग्य लाभार्थियों का पंजीकरण पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्रता के आधार पर किसी भी योग्य महिला को योजना के लाभ से वंचित नहीं रखा जाएगा।

उत्तर बंगाल दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सोमवार को जलपाईगुड़ी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कई महिलाओं के खातों में जून और जुलाई की किस्त की राशि पहुंच चुकी है, जबकि कई आवेदनों का सत्यापन अभी जारी है। उन्होंने कहा कि सत्यापन पूरा होने के बाद सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।

राज्य में सरकार बनने के बाद शुरू की गई प्रमुख योजनाओं में अन्नपूर्णा योजना शामिल है। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने आवेदन किया है और कई लाभार्थियों को राशि मिल चुकी है। हालांकि, जिन पात्र महिलाओं का नाम अभी तक लाभार्थी सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें भी 30 अगस्त तक पंजीकृत किए जाने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार भी किसानों को आर्थिक सहायता दे रही है। किसान बंधु योजना का सत्यापन पूरा होने के बाद जिन किसानों के पास खेती योग्य जमीन होगी, उन्हें 4,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए पात्रता और सीमा तय करने की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी हाल ही में सिक्किम में हुई सुरंग दुर्घटना में उत्तर बंगाल के प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलने और स्थिति का जायजा लेने के लिए जलपाईगुड़ी पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्होंने जिला प्रशासनिक कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित किया।