
सुरक्षा के अभेद्य इंतज़ाम, यातायात व्यवस्था में बदलाव , रेलवे स्टेशन परअलर्ट
रांची, 25 जनवरी। झारखंड की राजधानी रांची 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और गौरव के रंग में रंगने को पूरी तरह तैयार है। मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह को लेकर प्रशासनिक, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य रूप दिया गया है, यातायात व्यवस्था में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं और रेलवे स्टेशनों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मोरहाबादी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, न्यायपालिका के सदस्य, जनप्रतिनिधि, विशिष्ट अतिथि, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को गरिमामय, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और रांची पुलिस द्वारा विशेष रणनीति तैयार की गई है।
पुलिसकर्मियों का सम्मान: 11 को पुलिस पदक, 2 आईपीएस शामिल
गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड पुलिस के लिए यह दिन गौरव का भी प्रतीक बन गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य के दो आईपीएस अधिकारियों सहित कुल 11 पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
विशिष्ट सेवा के लिए डीएसपी संजय कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया है। उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर नेतृत्व और अनुकरणीय सेवा कार्यों के लिए यह सम्मान दिया गया है।
वहीं सराहनीय सेवा के लिए आईपीएस अधिकारी अनूप बिरथरे और पटेल मयूर कन्हैयालाल समेत अन्य पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। सम्मानित होने वालों में हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्होंने अपराध नियंत्रण, उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में कार्य, जनसुरक्षा और सेवा भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया है।
यह सम्मान झारखंड पुलिस की पेशेवर प्रतिबद्धता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक माना जा रहा है। पुलिस मुख्यालय, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने सम्मानित कर्मियों को बधाइयाँ दी हैं।
यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव, भारी वाहनों पर प्रतिबंध
गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनज़र 26 जनवरी को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रांची शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों पर वैकल्पिक रूट तय किए हैं, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
राज्यपाल और अन्य वीवीआईपी अतिथियों का कारकेड एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय मोड़ होते हुए राजकीय अतिथिशाला के बाएं मोड़ से वीवीआईपी प्रवेश द्वार के जरिए मोरहाबादी मैदान पहुंचेगा। हाईकोर्ट से आने वाले न्यायाधीशों के वाहन भी इसी निर्धारित मार्ग से प्रवेश करेंगे।
केंद्र एवं राज्य सरकार के पदाधिकारियों के वाहनों के लिए हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक तथा उपायुक्त आवास मार्ग को निर्धारित किया गया है। आम नागरिकों के लिए मोरहाबादी मैदान में कई ड्रॉप गेट बनाए गए हैं, जिनमें डीसी आवास के पास मोरहाबादी मैदान मार्ग, मोरहाबादी सब्जी बाजार मोड़, स्टेट गेस्ट हाउस मोड़, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, हॉकी स्टेडियम के पास, रजिस्ट्री ऑफिस के सामने तथा बिजली ऑफिस के पास ट्रांसफार्मर मोड़ प्रमुख हैं।
बड़े वाहनों के लिए भी सीमाएं तय की गई हैं। कांके, चाईबासा, खूंटी, गुमला, जमशेदपुर, पतरातू और बूटी मोड़ की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित स्थानों तक ही प्रवेश की अनुमति दी गई है, जिससे शहर के अंदर यातायात दबाव को नियंत्रित रखा जा सके।
अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था, पास के अनुसार सुविधा
पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रूप दिया गया है।
राज्यपाल एवं अन्य वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे
अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग मंच के पश्चिम दिशा में
नारंगी पासधारकों की पार्किंग नीलांबर-पीतांबर पार्क के पास
हरा पासधारकों की पार्किंग बापू वाटिका के सामने
आम नागरिकों के लिए टीआरआई के सामने मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है
रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट, प्रवेश द्वार और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनावश्यक प्रवेश न करें और ट्रैफिक पुलिस को सहयोग दें।
रेलवे अलर्ट: स्टेशनों पर हाई सिक्योरिटी, आरपीएफ की कड़ी निगरानी
गणतंत्र दिवस को लेकर रांची मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट मोड में रखा गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। स्टेशनों पर नियमित गश्त, चौबीसों घंटे निगरानी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
आरपीएफ रांची के कमांडेंट के निर्देशानुसार यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ, जीआरपी या नजदीकी रेलवे कर्मी को दें, अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें, अनजान व्यक्तियों से कोई पैकेट या खाद्य सामग्री स्वीकार न करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।








