आंदोलन शुरू

रामगढ़, 28 फ़रवरी। थाना प्रभारी की ओर से हिंदू संगठन के नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सभी हिंदू संगठनों एक मंच पर आकर थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया है।

पूर्व घोषित आंदोलन के तहत शनिवार को सुभाष चौक पर थाना प्रभारी के खिलाफ हिंदू एकता मंच के बैनर तले धरना दिया गया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों नाईसराय क्षेत्र में एक अल्पसंख्यक युवक की ओर से चाकू लहराने की घटना सामने आई थी। इसका विरोध दर्ज कराने थाने गए हिन्दू टाइगर फोर्स  के दीपक सिसोदिया और हिन्दू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा के साथ थाना प्रभारी की ओर से बदसलूकी करने की घटना सामने आई थी।

दीपक मिश्रा ने बताया कि थाना प्रभारी ने उनके साथ अभद्रता की और  गैंगस्टर एक्ट में फर्जी केस कर जेल भेजने की  धमकी दी और फर्जी मुकदमा भी दर्ज कर दिया। इसके विरोध में दीपक सिसोदिया ने अपनी गिरफ्तारी दी।

दीपक मिश्रा ने कहा कि थाना प्रभारी का रवैया बिलकुल गलत था। ऐसे अधिकारी का निलंबन और स्थानांतरण होने तक जिले के तमाम हिन्दू संगठन क्रमबद्ध विरोध प्रदर्शन करेंगे।

रामगढ़ रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी थाना प्रभारी के व्यवहार पर आक्रोश प्रकट किया। उन्होंने कहा कि थाना में अपनी शिकायत लेकर आए किसी भी नागरिक के साथ बदतमीजी नहीं कर सकते। उसके बाद भी जब उन्हें यह पता था कि शिकायत लेकर आने वाले लोग हिन्दू संगठन के पदाधिकारी हैंं। इसके बावजूद उनसे धक्का-मुक्की कर वर्दी का रौब दिखाना न सिर्फ उनके अहंकार को दर्शाता है, बल्कि इससे उन अपराधियों का मनोबल भी बढ़ता है जो सरेआम चाकू लहराकर आतंक फैलाना चाहते हैं।

धरने को समर्थन दे रहे हिन्दू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष सत्यजीत चौधरी ने कहा कि मामला सिर्फ एक थाने या जिले तक सीमित नहीं। राज्य में कमोबेश यही स्थिति है। पिछले दिनों सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान अल्पसंख्यक समाज की ओर से पत्थरबाजी किए जाने के बाद हिंदुओं पर ही केस दर्ज किया गया। वहीं 24 तारीख को गोला थानांतर्गत अल्पसंख्यक समाज की ओर से हिन्दू युवक पर हुए हमले पर भी पुलिस का रवैया काफी असंतोषजनक रहा।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता पंकज भारती ने और संचालन जितेंद्र मिश्रा ने किया।

मौके पर राजेश ठाकुर, पंकज भारती, मनीष पासवान, विनोद कुमार, राजू कुमार, हेमंत कुमार, सोनू कुमार, नकुल कुमार, अजीत कुमार, संतोष गोस्वामी, आशीष ठाकुर सहित अन्य मौजूद थे।