चार आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग निरुद्ध, सात मोबाइल फोन व जींस-पैंट बरामद
गिरिडीह, 5 फरवरी। गिरिडीह जिले के पिरटांड प्रखंड अंतर्गत हरलाडीह ओपी क्षेत्र के एक गांव में दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में लिप्त 8 लोगों को पुलिस ने दबोचा है। इनमें चार नाबालिग हैं।
घटना बीते 25 जनवरी की रात की है, जब दोनों नाबालिग बच्चियां जतरा मेला देखकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश मुर्मू (उम्र लगभग 26 वर्ष), पिता मोहन मुर्मू, निवासी मंझलाडीह, थाना हरलाडीह ओपी (खुखरा), जिला गिरिडीह, रविलाल टुडू (उम्र लगभग 23 वर्ष), पिता नासीर टुडू, निवासी मंझलाडीह, थाना हरलाडीह ओपी (खुखरा), जिला गिरिडीह, संजय टुडू (उम्र लगभग 21 वर्ष), पिता सुखदेव टुडू, निवासी मछियारा, थाना मनियाडीह, जिला धनबाद एवं सोहन टुडू (उम्र लगभग 23 वर्ष), पिता जयराम टुडू, निवासी मछियारा, थाना मनियाडीह, जिला धनबाद शामिल हैं।
पुलिस ने इनसे सात मोबाइल फोन तथा जींस-पैंट भी बरामद की है, जिसे अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि यह मामला 26 जनवरी 2026 को खुखरा (हरलाडीह) थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), 3(5) एवं पोक्सो एक्ट की धारा 6/10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के त्वरित और साक्ष्यपरक उद्भेदन के लिए डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए श्वान दस्ता, विधि-विज्ञान प्रयोगशाला रांची और तकनीकी टीम को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया, जिन्होंने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
मानवीय व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने इस कांड में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
इस विशेष अनुसंधान दल में डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद, प्रशिक्षु डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो, सुश्री नीलम कुजूर, पुलिस निरीक्षक रतन कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद महतो, राणा जंग बहादुर सिंह, बिक्रम कुमार सिंह, ओपी प्रभारी हरलाडीह दीपक कुमार-2, खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप सहित नगर, मुफ्फसिल, पीरटांड और डुमरी थानों के कई पुलिस अधिकारी व तकनीकी शाखा गिरिडीह की टीम शामिल थी।
