पुलिस कर्मियों ने सीखा तनाव प्रबंधन का गुर

पश्चिमी सिंहभूम, 13 अक्टूबर ।

पुलिसकर्मियों को तनाव प्रबंधन के गुर सिखाए, मानसिक रूप से स्वस्थ रहने पर दिया जोर

चाईबासा। पुलिस की व्यस्त दिनचर्या, कार्य का दबाव और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस केंद्र, चाईबासा के सभागार में तनाव प्रबंधन को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 90 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को तनाव के कारणों की पहचान करने, उसे नियंत्रित करने और सकारात्मक सोच के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के तरीके बताए गए।

कार्यक्रम में चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जय राजू, सार्जेंट मेजर मंसू गोप, यातायात प्रभारी संतोष कुमार और उपस्कर प्रभारी प्रतीक कुमार समेत पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। एकजुट एनजीओ की ओर से पहुंचे प्रत्यूष कुमार ने पुलिस कर्मियों को तनाव प्रबंधन का गुर सिखाए। साथ ही

तनाव प्रबंधन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इन उपायों का अभ्यास भी कराया, ताकि वे अपनी दिनचर्या में इन्हें अपनाकर मानसिक दबाव को कम कर सकें।

प्रत्यूष कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। घटनाओं और दुर्घटनाओं से निपटने के साथ सामाजिक गतिविधियों तथा पूजा-त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उन पर रहती है। इन जिम्मेदारियों के बीच पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसी परिस्थितियों में तनाव को पहचानना और उससे निपटने के तरीके सीखना आवश्यक है।

एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए तनाव प्रबंधन से जुड़ा यह कार्यक्रम काफी उपयोगी है। पुलिस की नौकरी में जिम्मेदारियां लगातार बनी रहती हैं। ऐसे में मानसिक रूप से स्वस्थ रहना और काम तथा निजी जीवन के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। उन्होंने इस पहल को पुलिसकर्मियों के हित में महत्वपूर्ण बताया।

यातायात प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पदाधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे पुलिसकर्मियों को तनाव कम करने और अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने में मदद मिलेगी।

वहीं, सिपाही ताराचंद महतो ने भी मानसिक शांति और संतुलन के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।