0cc27ffe2aea5a70cae3e4343159631c_412084722

आसनसोल, 24 मार्च ।

हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह ने सोमवार को थाना परिसर स्थित सभागार में रामनवमी को लेकर एक महत्वपूर्ण शांति बैठक आयोजित की। इस बैठक में क्षेत्र की सभी 14 अखाड़ा कमेटियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने सभी कमेटियों को निर्देश दिया कि रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही डीजे बजाने पर भी पाबंदी लागू रहेगी। जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा, जो शिव स्थान मंदिर परिसर से शुरू होकर स्ट्रेशन रोड, बारी मैदान, बस स्टैंड होते हुए पुनः शिव मंदिर में आकर समाप्त होगा।

थाना प्रभारी ने यह भी जानकारी दी कि अखाड़ा कमेटियों के साथ हीरापुर थाना के नामित नोडल अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करेंगे, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में सभी प्रतिनिधियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गीत या सामग्री का उपयोग न किया जाए, जिससे किसी की सांप्रदायिक भावनाएं आहत हों। रामनवमी के अवसर पर केवल धार्मिक झंडों का ही प्रदर्शन किया जाएगा, जबकि किसी भी राजनीतिक दल या बैनर के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।