प्रयागराज, 29 अगस्त । प्रयागराज स्थित स्वामी नारायण मंदिर का एक हिस्सा शुक्रवार रात अचानक ढह गया। जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मत गई। कई लोग बाल-बाल बचे। तेज आवाज के साथ बिल्डिंग गिरी तो आस-पास के लोग भागकर आए तो देखा कि मंदिर का एक हिस्सा ढह गया है।
बगल में ही रहने वाली महिला गीता ने बताया कि हादसा रात लगभग 11 बजे हुआ। अचानक तेज धमाका हुआ , सब लोग देखने आए। यहां आकर देखा तो मंदिर का हिस्सा गिरा हुआ था। किस कारण से हिस्सा गिरा है, यह तो पता नहीं है, लेकिन यहां एक मकान बन रहा था; शायद इस वजह से गिरा होगा।
महिला ने बताया कि आवाज काफी तेज थी। एक और स्थानीय शख्स मोईन अली ने बताया कि ऐसा लगा कि जैसे भूकंप का झटका हो, इसके बाद तेज आवाज आई। हम लोग देखने आए तो धुआं उठता हुआ दिखा, जब बगल में देखा तो मंदिर का हिस्सा गिरा था। यह घटना रात करीब साढ़े 11 बजे घटी। उन्होंने बताया कि स्वामी नारायण के बगल में गड्ढा खोदा गया था, इसी वजह से यह हिस्सा गिरा है। मोईन अली ने बताया कि बगल में ही हम लोग रहते हैं। घटना के बाद हम लोगों में काफी डर का माहौल है।
