55 मोतियाबिंद ऑपरेशन चिह्नित, 225 को चश्मा लगाने की आवश्यकता सामने आई
कोलकाता, 2 नवम्बर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता के तत्वावधान में रविवार को पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। इनमें भारत सेवा संघ परिसर, सिंगूर तथा दे गंगा दीसरी द्वारा दे गंगा बाजार में शिविर लगे। दोनों स्थानों पर लगभग 650 से अधिक रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

कैंप प्रभारी अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित शिविरों में नेत्र परीक्षण के बाद 55 मरीजों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, जबकि 225 मरीजों को चश्मा लगाना जरूरी पाया गया। अन्य सभी मरीजों का शुगर टेस्ट सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर में डॉक्टर कबीर अहमद, डॉक्टर शमीमा खातून, डॉक्टर सुकांतों राय और डॉक्टर मलय दास ने विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों का भी अहम योगदान रहा। दिवाकर ने बताया कि सोसायटी समय-समय पर आमजन के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए ऐसे सामाजिक उपक्रम जारी रखती है।
