शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट

खूंटी में पारा 1.5 डिग्री तक लुढ़का, पलामू में जमी ओस की बूंदें बनीं बर्फ, जनजीवन प्रभावित

रांची , 09 जनवरी । झारखंड में भीषण ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार 9 जनवरी को राज्य के सात जिलों में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में अत्यधिक ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिमी और उत्तरी-मध्यवर्ती झारखंड के पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग  जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया ।

राज्य में ठंड की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार को खूंटी जिले में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि गुमला, हजारीबाग, लातेहार और लोहरदगा जैसे कुछ जिलों में फिलहाल तापमान पांच डिग्री या उससे ऊपर बना हुआ है, जिससे वहां लोगों को थोड़ी राहत मिली है।

रांची समेत कई जिलों में शीतलहर का असर

इधर शुक्रवार सुबह से ही रांची और आसपास के इलाकों में शीतलहर चलती रही। कड़ाके की ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, हल्का बुखार और टॉन्सिल से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पतालों में ठंड से संबंधित रोगों के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 27.8 डिग्री चाईबासा में और सबसे कम तापमान 1.5 डिग्री खूंटी में रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 21.8 और न्यूनतम 7.3 डिग्री, जमशेदपुर में 25.5 और 8.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 24 और 3.2 डिग्री, बोकारो में 22.5 और 5.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 27.8 और न्यूनतम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पलामू में ओस जमी, खलिहानों में बिछी बर्फ की सफेद चादर 

पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड क्षेत्र में ठंड और शीतलहर का असर और भी ज्यादा देखने को मिला। शुक्रवार सुबह खेत-खलिहानों, पुआल और घरों की छतों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ जैसी नजर आईं, जिससे पूरा इलाका सफेद चादर से ढका हुआ प्रतीत हुआ। यहां न्यूनतम तापमान करीब 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह लोगों की भारी भीड़ जमी ओस देखने के लिए खेतों में उमड़ पड़ी। हालांकि धूप निकलने के बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई।

14 जनवरी तक कोहरे का अनुमान

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 14 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि 11 जनवरी के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।

किसानों और आम लोगों के लिए सलाह

ब्लॉक टेक्निकल मैनेजर वरुण सिंह यादव ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों को ठंड और ओस से बचाने के लिए खेतों में नियमित पटवन करें, जिससे नमी बनी रहे और फसलों को नुकसान न हो।

अत्यधिक ठंड के चलते मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से  सतर्क रहने , गर्म कपड़े पहननें , सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।