पूर्वी सिंहभूम, 07 नवंबर । पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के 11वें चरण में एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और विशेष टीमों की मदद से 100 मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद लगाए लोगों के लिए पुलिस की ओर से की गई यह कार्रवाई राहत और खुशी लेकर आई। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस के प्रति आभार जताया।
मोबाइल फोन वितरण को लेकर एसएसपी कार्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, जिले के विभिन्न डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बरामद मोबाइल फोन की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें संबंधित धारकों को सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पूर्वी सिंहभूम पुलिस अब तक 3373 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा चुकी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल की बरामदगी में पुलिस के तकनीकी सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मोबाइल के तकनीकी विवरण, लोकेशन और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर पुलिस की टीम लगातार जांच करती है और फोन तक पहुंचने का प्रयास करती है।
एसएसपी ने कहा कि मोबाइल बरामद होने के बाद उसके वास्तविक मालिक की पहचान और जरूरी सत्यापन किया जाता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद फोन संबंधित व्यक्ति को सौंप दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य केवल गुम मोबाइल बरामद करना नहीं है, बल्कि पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास को और मजबूत करना भी है।
