धनबाद, 1 नवंबर । भक्ति और उल्लास के बीच शहर शनिवार को देवउठनी एकादशी पर श्याम बाबा के रंग में पूरी तरह रंग गया। श्री खाटू श्याम के जन्मोत्सव और देवउठनी एकादशी के शुभ संयोग पर हीरापुर स्थित श्याम मंदिर से भव्य और ऐतिहासिक 155वीं श्याम ध्वजा पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। जहां सैकडों श्रद्धालु बाबा श्याम का निशान (ध्वजा) उठाकर शामिल हुए।
इस पदयात्रा में हर उम्र के श्याम प्रेमी शामिल थे। श्याम प्रेमियों की टोली ने जैसे ही यात्रा शुरू की पूरा मार्ग बाबा के जयकारों और मधुर भजनों से गूंज उठा। जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
पदयात्रा हीरापुर श्याम मंदिर से शुरू होकर धनबाद के रणधीर वर्मा चौक, सिटी सेंटर, बैंक मोड़, धनसार और कतरास होते हुए अंततः अपनी गंतव्य स्थली झरिया श्याम मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर मौजूद श्याम प्रेमियों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया और बाबा श्याम की भक्ति में झूम उठे।
श्याम ध्वजा पदयात्रा समिति के सदस्य कृष्णा अग्रवाल ने इस अवसर पर ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन श्याम भक्तों के लिए अत्यंत विशेष महत्व रखता है। बाबा श्याम का जन्मोत्सव और देवउठनी एकादशी का एक साथ पड़ना भक्तों की श्रद्धा और उत्साह को चरम पर ले आया है। उन्होंने कहा कि यह शुभ संयोग श्रद्धालुओं के लिए दोहरी खुशी लेकर आया है।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा झरिया श्याम मंदिर पहुंचने के बाद वहां खाटू नरेश का भव्य जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन का विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया और सामूहिक रूप से केक काटकर भी श्याम बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
