उत्तर 24 परगना, 24 जनवरी।उत्तर 24 परगना जिले के स्वरूपनगर थाना अंतर्गत गोविंदपुर इलाके के एक आमबागान में शनिवार सुबह दो युवकों का शव आम के पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने गोविंदपुर के एक आमबागान में एक ही आम के पेड़ से दो युवकों के शव लटके हुए देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का संदेह जताया है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 20 वर्षीय राकिबुल मंडल और 22 वर्षीय राज भद्र के रूप में हुई है। राकिबुल गोविंदपुर ग्राम पंचायत इलाके का निवासी था और कक्षा 11 का छात्र था, जबकि राज दत्तपाड़ा इलाके का रहने वाला था। शुक्रवार को सरस्वती पूजा के अवसर पर दोनों दोस्त घूमने के लिए घर से निकले थे।
रात होने के पर जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।
राकिबुल के चाचा ने बताया कि परिवार सुबह गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा था, तभी शव मिलने की खबर आई। वहीं राज के पिता का कहना है कि परिवार में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था और बेटे के आत्महत्या करने की कोई वजह समझ में नहीं आती।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौत के कारणों को लेकर स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आत्महत्या या हत्या—दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
