रांची, 22 मई । झारखंड शराब घोटाले के आरोपित नवीन केडिया ने एंटी करप्शन ब्यूरो कोर्ट से इंग्लैंड जाने की इजाजत मांगी है। जिस पर सोमवार (25 मई) को कोर्ट में सुनवाई होगी। नवीन केडिया ने लंदन में अपने बेटे के ग्रेजुएशन सेरेमनी में शामिल होने, हेल्थ चेकअप कराने सहित कई बातों का जिक्र किया है। उसने एसीबी की विशेष कोर्ट में याचिका दाखिल कर एक जून से 23 जुलाई तक के लिए इंग्लैंड जाने की इजाजत मांगी है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड उच्च न्यायालय ने नवीन केडिया को जमानत दे दी थी, जिसके बाद वे जेल से बाहर है। जमानत की शर्त के अनुसार, उन्होंने अपना पासपोर्ट एसीबी कोर्ट में जमा करा दिया है। नवीन केडिया ने विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट वापस लौटने का आग्रह किया है। एसीबी ने 11 मार्च को नवीन केडिया को गिरफ्तार किया था। वह छत्तीसगढ़ के दुर्ग का निवासी हैं। उन पर झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति करने का आरोप है। मामले में एसीबी ने आईएएस विनय चौबे सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से अधिकांश लोगों को जमानत मिल चुकी है।
