रांची, 31 अक्टूबर। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूरे झारखंड में शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। राज्य के सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, पुलिस बलों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे राज्य में “रन फॉर यूनिटी” और “वॉक फॉर यूनिटी एंड इंटीग्रिटी” जैसे आयोजन एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त प्रतीक बने।

चक्रधरपुर रेल मंडल में एकता की शपथ
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर डीआरएम कार्यालय में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार पटेल के आदर्शों को स्मरण करते हुए सभी से देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
चाईबासा पुलिस की “रन फॉर यूनिटी”
पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में पुलिस केंद्र द्वारा “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, एसडीपीओ बाहमन टूटी, डीएसपी प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान इस दौड़ में शामिल हुए। कार्यक्रम में पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

चेंबर ऑफ कॉमर्स ने दी श्रद्धांजलि
चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से सरदार पटेल की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। चेंबर अध्यक्ष संजय चौबे ने पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कहा कि “सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्र निर्माण और एकता की प्रेरणा देता है।” इस अवसर पर दुर्गेश खत्री, नीरज संदवार, मुकेश पोद्दार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

रामगढ़ में “वॉक फॉर यूनिटी एंड इंटीग्रिटी” का आयोजन
रामगढ़ जिले में डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज और एसपी अजय कुमार के नेतृत्व में वॉक फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित हुआ। सभी अधिकारियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और एकता की भावना आज भी देश के लिए प्रेरणा है।
पीवीयूएनएल टाउनशिप में एकता और सतर्कता का संदेश
पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) में राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के तहत वॉक फॉर यूनिटी एंड इंटीग्रिटी का आयोजन किया गया। सीईओ ए. के. सहगल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने एकता, पारदर्शिता और नैतिक आचरण की शपथ ली।
भदानी नगर और भूरकुंडा में सद्भावना दौड़
रामगढ़ जिले के भदानी नगर ओपी और भूरकुंडा ओपी के संयुक्त तत्वावधान में सद्भावना दौड़ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में थाना प्रभारी अख्तर अली और निर्भय गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीण, स्कूली बच्चे और युवा शामिल हुए। मुखिया ने कहा कि यह दौड़ युवाओं को नशा-मुक्त समाज की दिशा में प्रेरित करने का संदेश देती है।
तोरपा में ‘रन फॉर यूनिटी’ का उत्साह
खूंटी जिले के तोरपा में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ। हिल चौक से ब्लॉक चौक तक आयोजित दौड़ में युवाओं, छात्रों और पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। एसडीपीओ केरकेट्टा ने कहा कि यह आयोजन युवाओं में अनुशासन और देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है।
बोकारो और गिरिडीह में एकता दौड़
बोकारो और गिरिडीह जिलों में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया, जिसमें डीसी, एसपी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक शामिल हुए। दौड़ की शुरुआत सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देकर की गई। अधिकारियों ने कहा कि पटेल के योगदान को याद करते हुए हमें देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
रातू में दौड़ी एकता की भावना
रांची जिले के रातू प्रखंड में थाना प्रभारी रामनारायण सिंह के नेतृत्व में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन हुआ। सीएन राज हाई स्कूल मैदान से शुरू हुई दौड़ का समापन काठीटांड़ चौक में हुआ। कार्यक्रम में युवा नेता ओम शंकर गुप्ता, पत्रकार, पुलिस कर्मी और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
राज्यभर के सरकारी, गैर-सरकारी संस्थानों और आम नागरिकों ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि एकता, अखंडता और भाईचारा ही राष्ट्र की सच्ची शक्ति है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित ये आयोजन झारखंड के कोने-कोने में राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रज्वलित कर गए।
