एसआईआर

जमशेदपुर 9 सितंबर। झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान जमशेदपुर में मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान तीन विदेशी नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज पाए गए। जांच में खुलासा हुआ कि ये तीनों व्यक्ति अफगानिस्तान के नागरिक हैं और इनके नाम पहले से मतदाता सूची में शामिल थे।

अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा ने बताया कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची सत्यापन के दौरान आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम नामक तीन व्यक्तियों के दस्तावेजों में विसंगति पाई गई। इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनके पासपोर्ट की जांच की गई, जिसमें उनके अफगानिस्तान का नागरिक होने की पुष्टि हुई।

बताया गया कि तीनों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी और उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में भी शामिल हो गया था। दस्तावेज सत्यापन के दौरान मामला पकड़ में आ गया।

निर्वाचन विभाग अब यह पता लगाने में जुट गया है कि इन विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए और इस प्रक्रिया में किसने उनकी मदद की। राज्य में अन्य विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने की आशंका को देखते हुए व्यापक जांच की तैयारी की जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा इस तरह के मामले पूरे राज्य में है और इसको जांच करनी चाहिए